
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: फिरौती न मिलने पर हत्या की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को लक्सर पुलिस ने समय रहते दबोचकर एक बड़ी वारदात टाल दी। ₹10 लाख की रंगदारी मांगने के बाद हत्या की नीयत से घूम रहे आरोपियों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित सनसनीखेज घटना होने से बच गई।
SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चला अभियान….
जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर SSP नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के अनुपालन में लक्सर क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देहात शेखर सुयाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली लक्सर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस आपराधिक साजिश का भंडाफोड़ किया।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में कसा शिकंजा…
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई। 19 अप्रैल को हबीबपुर कुड़ी निवासी प्रवीण कुमार से अज्ञात नंबर से ₹10 लाख की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसआई नितिन चौहान की टीम ने ऐसे दबोचे आरोपी….
एसएसआई नितिन चौहान व उपनिरीक्षक अजय कुमार की टीम ने रायसी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया। भागने की कोशिश पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से 2 अवैध तमंचे (315 बोर), 4 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में खुलासा—फिरौती नहीं तो हत्या की तैयारी….
गिरफ्तार विकास उर्फ ठाकुर ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी आशिफ के जरिए वादी से ₹10 लाख की फिरौती की मांग करवाई थी। रकम न मिलने पर तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम देने क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से पहले ही पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपी….
1:- विकास उर्फ ठाकुर पुत्र मदन निवासी हबीबपुर कुड़ी, लक्सर
आशिफ पुत्र नजाकत निवासी समीपुर, बिजनौर (उ.प्र.)
3:- मुराद अली पुत्र मोनिस अहमद निवासी हबीबपुर कुड़ी, लक्सर
पुलिस टीम….
1:- एसएसआई नितिन चौहान, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कनौजिया, कांस्टेबल अनिल वर्मा, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल महेंद्र शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।



