“मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार में एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज का जलवा, छह मेधावियों ने बढ़ाया संस्थान का मान..
श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने दी बधाई, लगातार दो वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन; मिलेगी ₹2.15 लाख की पुरस्कार राशि..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार के विद्यार्थियों ने शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए महाविद्यालय के कुल छह मेधावी विद्यार्थियों का चयन हुआ है। खास बात यह है कि लगातार दो वित्तीय वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को कुल ₹2.15 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए चयनित विद्यार्थियों में उर्वशी (एम.कॉम.) को ₹30,000, हर्षित प्रजापति (बी.एससी.) को ₹30,000 और दिव्या त्रिवाल (बी.कॉम.) को ₹15,000 की पुरस्कार राशि मिलेगी।वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विधि गौतम (एम.कॉम.) को ₹60,000, पलक अग्रवाल (बी.कॉम.) को ₹50,000 व निष्ठा शर्मा (बी.कॉम.) को ₹30,000 की पुरस्कार राशि के लिए चयनित किया गया है।
महाविद्यालय प्रबन्ध समिति एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि लगातार दो वर्षों से तीन-तीन विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के लिए चयन होना महाविद्यालय के सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज का आशीर्वाद एवं प्रोत्साहन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है।उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लक्ष्यों के प्रति अधिक सजग और गंभीर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। पुरस्कार के लिए चयनित विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य व अपने शिक्षकों का आभार जताया।
विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षकों द्वारा समय-समय पर मिले मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार के रूप में मिलने वाली राशि उनके आगे के अध्ययन और उच्च शिक्षा में काफी उपयोगी साबित होगी। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज के छह विद्यार्थियों का चयन न केवल इन मेधावी छात्र-छात्राओं की मेहनत का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय में निरंतर बेहतर हो रहे शैक्षणिक माहौल और विद्यार्थियों को मिल रहे मार्गदर्शन की भी तस्वीर पेश करता है।



