हरिद्वार

“पुलिस लाइन में सजी तीज की महफिल, मेहंदी से लेकर ‘तीज क्वीन’ तक छाया रंग..

250 से ज्यादा महिलाओं ने लिया हिस्सा, मोनिका बनीं तीज क्वीन तो रेशमा ने मेहंदी में मारी बाजी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पुलिस लाइन हरिद्वार में तीज का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। तीज समारोह में पुलिस परिवारों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए नृत्य, मेहंदी, तीज क्वीन और सवाल-जवाब जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में 250 से अधिक महिलाओं की भागीदारी रही। मुख्य अतिथि असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स श्रीमती दीपशिखा भुल्लर ने विजेताओं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए तीज की शुभकामनाएं दीं।पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के परिवारों की महिलाओं के साथ ही पुलिस लाइन की महिला कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को तीज के रंग में रंग दिया।कार्यक्रम के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता में मिस रेशमा ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय और भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तीज क्वीन प्रतियोगिता में मोनिका प्रथम, योगिता द्वितीय और पल्लवी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा डांस और सवाल-जवाब सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने भी कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली अन्य महिलाओं का भी उत्साह बढ़ाया गया और उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में परिवारों के साथ पहुंचे बच्चों ने भी जमकर आनंद लिया। बच्चों के सामने तीज की पारंपरिक रस्मों, वेशभूषा और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रस्तुत करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ना भी रहा।मुख्य अतिथि दीपशिखा भुल्लर ने समारोह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पारिवारिक मूल्यों, आपसी भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखने व सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।समारोह का संचालन उपनिरीक्षक अंजना चौहान ने किया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस परिवारों की महिलाओं में उत्साह और उमंग देखने को मिली। तीज समारोह ने पुलिस परिवारों के बीच आपसी मेल-जोल, अपनत्व और सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!