
पंच👊नामा
रूड़की: झबरेड़ा क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बच्चे को हरिद्वार पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। सनसनीखेज बात यह सामने आई कि मासूम का अपहरण कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के लिए किया गया था।
पूरे मामले में हरिद्वार पुलिस की तत्परता और सक्रियता की जमकर सराहना हो रही है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीमों ने रात-दिन एक कर ऑपरेशन चलाया और आखिरकार बच्चे को सकुशल वापस परिजनों तक पहुंचा दिया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते दिन भगवानपुर क्षेत्र के भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेड़ा पहुंचकर सूचना दी कि शादी समारोह के दौरान उसका तीन वर्षीय बच्चा अचानक गायब हो गया।
काफी तलाश के बावजूद जब बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तुरंत विशेष टीम गठित कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई। साथ ही सीआईयू और सर्विलांस टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेसिंग, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपहरण की बात कबूल करते हुए अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मासूम को तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के उद्देश्य से अगवा किया गया था।
इसके बाद पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी मासूम को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित हरिद्वार वापस लाया गया। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्रीय जनता ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की है।
पुलिस ने मामले में गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
पुलिस टीम में शामिल रहे—
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल बसन्त कुमार एवं एसओजी टीम रुड़की।



