
पंच👊नामा, लक्सर: उधार दिए पैसों की वापसी की उम्मीद में घर से निकली एक विधवा महिला का शव खेत में पड़ा मिला। महिला के गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका गहराती जा रही है। जिस व्यक्ति के साथ महिला को आखिरी बार देखा गया, वह लापता है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस का मानना है कि हत्या उसी दिशा में जुड़ी हो सकती है।रविवार सुबह निर्माणाधीन न्यायालय परिसर के पास जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्यूबवेल के पास खेत में महिला का शव देखे जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की पहचान सरोज (50 वर्ष), निवासी न्यू शिवपुरी, लक्सर के रूप में हुई। सरोज विधवा थी और उसके चार बच्चे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरोज लोगों को निजी स्तर पर उधार देने का काम करती थी। भगवानपुर क्षेत्र का एक व्यक्ति, जिस पर करीब एक लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है, शनिवार शाम सरोज के साथ बाइक पर जाते देखा गया था। रविवार को महिला मृत पाई गई और कर्जदार का कोई अता-पता नहीं है।
हत्या की आशंका, मोबाइल बंद कर गायब हुआ कर्जदार….
महिला के गले पर गहरे निशान मिले हैं, जो गला घोंटे जाने की ओर इशारा कर रहे हैं। लक्सर क्षेत्राधिकारी नताशा सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है। लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि होगी। प्राथमिक साक्ष्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।