
पंच👊नामा
रुड़की: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में बच्चा चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर ग्रामीणों द्वारा पिटाई करने और खंबे से बांधने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गई। जांच में युवक अर्धविक्षिप्त (मानसिक रूप से अस्वस्थ) पाया गया।
गांव में एक अज्ञात युवक घूमता हुआ दिखाई दिया। उसके व्यवहार को देखकर कुछ ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और बच्चा चोरी की आशंका जताई गई। देखते ही देखते यह बात पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। बाद में उसे एक खंबे से बांध दिया गया ताकि वह वहां से भाग न सके। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में युवक को खंबे से बंधा हुआ देखा जा सकता है, जबकि आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।
घटना की सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस उसे कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ और जांच की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक अर्धविक्षिप्त है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। पुलिस को उसके पास से कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध सामान भी नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और किसी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच जारी है।


