“अमेरिकन आश्रम की तीन बीघा जमीन पर जेन-जी का हल्ला, छात्रों ने कहा- कॉलेज के लिए मिले जमीन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; भूपतवाला में राजकीय महाविद्यालय की मांग को लेकर मंगलवार को जेन-जी छात्रों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। अमेरिकन आश्रम की करीब तीन बीघा भूमि को लेकर छात्रों ने आश्रम के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन से जमीन के स्वामित्व और वहां हुए निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से खाली पड़ी बताई जा रही जमीन पर चोरी-छिपे दीवार खड़ी कर कब्जे का प्रयास किया गया। छात्रों ने साफ कहा कि यदि भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध है तो उसे राजकीय महाविद्यालय के लिए दिया जाए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ‘भू-माफिया मुक्त हरिद्वार-शिक्षा युक्त हरिद्वार’ और ‘तीन बीघा जमीन वापस दो’ जैसे नारे लगाए। छात्र नेता अदित्य नारायण ने कहा कि भूपतवाला क्षेत्र में लंबे समय से राजकीय महाविद्यालय की मांग उठ रही है। कॉलेज नहीं होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने भूमि प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ओम कश्यप, नितिन रावत, सागर ठाकुर और शुभम चौधरी ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जमीन के पारदर्शी उपयोग और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित की जमीन को किसी भी स्थिति में कब्जे की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाना चाहिए।
‘किताब लेकर आए हैं, लाठी लेकर नहीं’…..
जेन-जी प्रतिनिधि दीपक और हर्षित ने कहा कि युवा अब शिक्षा और अपने अधिकारों के मुद्दे पर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे हैं। किशन, सूरज, दीपेंद्र, राहुल, श्री, सचिन, सुमित, दीपक, आलोक, मोनू, सरद, आकाश, अंशु, अमन, अमरजीत, आदर्श और आदित्य समेत बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल रहे। छात्रों ने कहा कि तीन बीघा भूमि पर कॉलेज बनता है तो भूपतवाला और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
छात्रों ने प्रशासन से भूमि के स्वामित्व, वर्तमान स्थिति और निर्माण की जांच कराने तथा यदि किसी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण सामने आए तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने बताया कि वे जल्द जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही सरकार से भूपतवाला में राजकीय महाविद्यालय की वर्षों पुरानी मांग पर ठोस पहल करने की मांग की।



