
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पथरी क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक मकान में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मकान मालकिन का दावा है कि वहां केवल प्रार्थना की जा रही थी, लेकिन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इसे धर्म परिवर्तन का प्रयास बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
————————————–
क्या है मामला…?
शेरपुर गांव स्थित एक खेत में एक महिला ने मकान बना रखा है। रविवार को वहां क्रिश्चियन समुदाय के कुछ लोग एकत्रित हुए थे। इसकी सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता जिवेंद्र तोमर के नेतृत्व में वहां पहुंचे और धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मौके से कुछ दस्तावेज, दवाइयां और अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद फेरुपुर चौकी प्रभारी सुधांशु कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच पूरी होने तक मकान पर ताला लगा दिया है।
————————————–
महिला का पक्ष….मकान मालकिन महिला ने पुलिस को बताया कि वहां सिर्फ प्रार्थना हो रही थी, न कि किसी का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
————————————–
पुलिस का बयान…फेरुपुर चौकी प्रभारी सुधांशु कौशिक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।