
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर/उधमसिंहनगर: “नशा मुक्त देवभूमि” के संकल्प को ज़मीन पर उतारते हुए उधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी ऐतिहासिक कार्रवाई की है, जिसने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। सुतली के गट्ठरों के बीच बेहद शातिराना अंदाज़ में छुपाकर लाई जा रही करीब 558.78 किलोग्राम अवैध गांजे की विशाल खेप को पुलिस ने बरामद कर लिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को राज्य में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी माना जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान और जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अपराध, एसपी सिटी रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम द्वारा संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर बागवाला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कैंटर संख्या UP81 FT 5851 को रोका गया। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर की मौजूदगी में विधिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई, जिसमें वाहन के अंदर सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच छुपाए गए 18 प्लास्टिक कट्टों और 3 स्कूली बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 03 शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामदगी में 558.78 किलो अवैध गांजा, एक कैंटर वाहन, 05 मोबाइल फोन और ₹29,880 नगद शामिल है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से लाई गई थी और रुद्रपुर समेत आसपास के इलाकों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय गुप्ता, निवासी दूधिया नगर रुद्रपुर, डीटू यादव और मोहित यादव, निवासी मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी संजय गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी NDPS एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं और उसकी लगभग 03 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई भी चल रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और किसी भी तस्कर को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹7,500 के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।
पुलिस टीम…..
उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी आदर्श कॉलोनी
उपनिरीक्षक जीवन सिंह
कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल कृष्णा टम्टा
कांस्टेबल पंकज बिनवाल (SOG)
कांस्टेबल ललित कुमार (SOG)
कांस्टेबल भूपेंद्र आर्य (SOG, विशेष तकनीकी सहयोग)



