
पंच👊नामा
रुड़की: राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सत्ती मोहल्ला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने स्कूली बच्चों को कॉपी, पेंसिल बॉक्स समेत विभिन्न पाठ्य सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली, वहीं विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए केवल पुस्तकों और ड्रेस की ही नहीं, बल्कि पाठ्य सामग्री की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को समय-समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाए, तो उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और उनका ज्ञान स्तर भी मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं प्राथमिक विद्यालयों से निकलकर बच्चे आगे चलकर आईएएस, पीसीएस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी बनते हैं। ऐसे अधिकारी समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं और उनके समाधान के लिए कार्य करते हैं।
गौरव गोयल ने कहा कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में भवन निर्माण, कक्षाओं के विस्तार और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी अभी भी देखने को मिल रही है। हालांकि शिक्षकों की मेहनत और लगन सराहनीय है, जो सीमित संसाधनों में भी बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं।
पार्षद हाजी फजलुर्रहमान उर्फ छोटे भाई ने कहा कि गौरव गोयल राजनीति में केवल नाम कमाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के उद्देश्य से आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से गौरव गोयल लगातार जनहित के कार्यों में सक्रिय हैं और बिना किसी पद पर रहते हुए भी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर रहते हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश शर्मा ने कहा कि बच्चों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराकर गौरव गोयल ने सराहनीय और पुण्य का कार्य किया है। इससे बच्चों में खुशी का माहौल है और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ा है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक नेपाल सिंह, विधि गोस्वामी एवं ऋतु रानी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष उवेस अंसारी, डॉ. मोहम्मद जिया उल हक, अब्दुल रहमान, सैयद मोहसिन अली, जहांगीर कुरैशी, अक्षय कुमार, संजीत ठेकेदार, मोहम्मद अशरफ, हुस्न बानो, रेखा, सोती और युसरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



