“आम के बाग में भटक रही बुजुर्ग को मिला “खाकी” का सहारा, परिवार से मिलते ही छलक पड़े आंसू..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की मानवीय पुलिसिंग का दिखा असर, चौकी में कराया खाना-पीना और सकुशल सौंपा परिवार को..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अपनों से बिछड़कर आम के बाग में परेशान हालत में घूम रही हरियाणा की एक बुजुर्ग महिला के लिए हरिद्वार पुलिस फरिश्ता बनकर सामने आई। थाना पथरी पुलिस ने न सिर्फ बुजुर्ग महिला को सुरक्षित चौकी पहुंचाया, बल्कि खाना-पीना उपलब्ध कराकर महज कुछ घंटों में उसके परिजनों से भी मिलवा दिया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली को देखकर परिजन भावुक हो उठे और हरिद्वार पुलिस की जमकर सराहना की।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनसहयोग और मानवीय पुलिसिंग की भावना को आगे बढ़ाते हुए थाना पथरी पुलिस लगातार जरूरतमंदों की मदद में जुटी हुई है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि एक वृद्ध महिला आम के बाग में अकेली घूम रही है, जो अपना सही पता और परिवार की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। महिला की बोली हरियाणवी होने के कारण शुरुआत में पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में चौकी फेरूपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित चौकी लाई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम राम मूर्ति पत्नी बलवान निवासी हसनपुर हरियाणा बताया। इसके बाद चौकी फेरूपुर पुलिस ने हरियाणा कंट्रोल रूम से संपर्क साधते हुए महिला की फोटो, वीडियो, बोली और हुलिये की जानकारी साझा की। शुरुआती जानकारी में महिला का संबंध सोनीपत क्षेत्र के आसपास होने की संभावना जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम हरिद्वार को भी महिला की जानकारी साझा की गई। कुछ ही समय बाद जिला कंट्रोल रूम हरिद्वार द्वारा सूचना मिली कि महिला के परिजन उनकी तलाश कर रहे हैं। इसके बाद फेरूपुर चौकी का संपर्क नंबर परिजनों को उपलब्ध कराया गया। करीब 20 मिनट के भीतर शिवम नामक युवक चौकी फेरूपुर पहुंचा और अपनी बुजुर्ग परिजन को सकुशल देखकर भावुक हो उठा। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि “कौन कहता है पुलिस अच्छा काम नहीं करती, हमने आज खुद पुलिस का मानवीय चेहरा देखा है।
”करीब 15 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला की पहचान सुनिश्चित कर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा महिला के खाने, चाय और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार , चौकी प्रभारी फेरूपुर विपिन कुमार, कांस्टेबल अनिल व महिला कांस्टेबल सीमा शामिल रही।



