हरिद्वार

“उत्तराखंड बोर्ड में शानदार प्रदर्शन करने वाली 200 से अधिक मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह और उपहार देकर किया गया सम्मानित..

राबिया सबिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी और मैक्स मजीदिया नेशनल फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में हुई हौसला'अफजाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की: रुड़की नगर निगम सभागार उस समय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जब उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 200 से अधिक मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। ‘राबिया सबिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी’ एवं ‘मैक्स मजीदिया नेशनल फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य समारोह में बेटियों की उपलब्धियों और उनकी मेहनत को सलाम किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, प्रमुख समाजसेवी सुभाष नंबरदार तथा समाजसेवी कुंवर जावेद इकबाल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने 90 से 95 प्रतिशत अंक हासिल कर यह साबित कर दिया है कि वे किसी भी क्षेत्र में किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ने वाले विद्यार्थी अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की बेटियों के उत्थान से जुड़ी योजनाओं की सराहना भी की।समाजसेवी कुंवर जावेद इकबाल ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी आज बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कई जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली छात्राओं को आर्थिक सहायता और विशेष उपहार प्रदान करते हुए तकनीकी शिक्षा को समय की आवश्यकता बताया।मैक्स मजीदिया नेशनल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. मतिउल्लाह मजीद ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया तथा सामाजिक संस्थाओं से इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता एवं समाजसेवी सुभाष नंबरदार ने की, जबकि संचालन आरिफ नियाजी ने किया। इस दौरान आरिफ नियाजी ने सरकार से मेधावी छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति और आर्थिक सहायता की व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की मांग भी उठाई।समारोह के दौरान प्रेस क्लब महानगर रुड़की के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा तथा प्रेस क्लब रुड़की के पूर्व अध्यक्ष बबलू सैनी को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। यह आयोजन केवल मेधावी बेटियों के सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में समाज की सकारात्मक सोच और प्रेरणादायी पहल का प्रतीक भी बनकर उभरा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!