
पंच👊नामा-ब्यूरो
कोटद्वार: हरिद्वार में नशे की खेप पहुंचाने से पहले ही पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर दो तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। एसओजी कोटद्वार और कोटद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने 120 ग्राम स्मैक के साथ हरिद्वार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्मैक बरेली से लाने की बात कबूल की है। इतना ही नहीं, पूछताछ में बरेली और हरिद्वार के दो बड़े नशा सौदागरों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई।अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में एसओजी और कोटद्वार पुलिस की संयुक्त टीम शुक्रवार को कौड़िया रेलवे फाटक से कौड़िया कैंप की ओर चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मजार के गेट के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले। तलाशी लेने पर एक के पास से 60 ग्राम और दूसरे के पास से 60 ग्राम, कुल 120 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोहेल (21) पुत्र मांगा हसन और साहिब (20) पुत्र कय्यूम, दोनों निवासी धनपुरा, पथरी (हरिद्वार) के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 152/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि स्मैक की खेप बरेली से लाई गई थी और उसे हरिद्वार में खपाया जाना था।
पूछताछ के दौरान बरेली और हरिद्वार देहात के दो बड़े नशा तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। ऐसा बताया गया है कि दोनों तस्कर हरिद्वार के नशा सौदागर के लिए ही स्मैक की खेप लेकर आ रहे थे। जो पहले भी कई बार जेल जा चुका है। पौड़ी पुलिस अब इन दोनों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की तैयारी कर रही है।
एसओजी प्रभारी रंजीत तोमर की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी…..?
कोटद्वार एसओजी प्रभारी रंजीत तोमर नशा तस्करों पर कहर बनकर टूट रहे हैं। इससे पहले वह हरिद्वार जिले में भी नशा तस्करों की कमर तोड़ने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। ताजा कार्रवाई में भी एसओजी प्रभारी रंजीत तोमर ने मिशन की कमान संभाली। लगातार कार्रवाई पर पुलिस कप्तान सर्वेश कुमार ने एसओजी प्रभारी रंजीत तोमर को शाबाशी दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल कैलाश रावत व एसओजी कांस्टेबल सितांशु शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस से क्यों फिसल रहे तस्कर….
बरेली से स्मैक लेकर हरिद्वार आने वाले नशा तस्कर लगातार पौड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। सवाल यह है कि हरिद्वार के नक्शा तस्कर बार-बार पौड़ी में पकड़े जा रहे हैं तो फिर हरिद्वार की एएनटीएफ क्या कर रही है..??



