
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; दुष्कर्म, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी आरोपी को आखिरकार पथरी पुलिस ने दबोच लिया। वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी पुलिस की सतर्क निगरानी से बच नहीं सका। मामले में शामिल चार अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर फरार व इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कटारपुर जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। नाम-पता की पुष्टि करने पर वह मुकदमे में फरार चल रहा ₹5000 का इनामी आरोपी निकला। पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को एक महिला ने थाना पथरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने उसके साथ मारपीट की, दुष्कर्म किया, जान से मारने की धमकी दी और कान के कुंडल लूट लिए। इस शिकायत के आधार पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था,
जबकि सुधीर उर्फ लक्की फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुन्दर, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल नारायण सिंह व कांस्टेबल राकेश नेगी शामिल रहे।



