उत्तराखंड

“पेपर लीक पर प्रदेशभर में गरजा सुराज सेवा दल..! शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी..

देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में उठी एक सुर में आवाज, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून/हरिद्वार/नैनीताल; उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और सरकारी स्कूलों के बंद होने के मुद्दे पर सुराज सेवा दल ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जनपदों से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि बार-बार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा विवादों ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य असुरक्षित कर दिया है, जबकि शिक्षा व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है।सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड में लगातार पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को बार-बार नई परीक्षाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका समय, आर्थिक संसाधन और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अब पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था चाहते हैं।रमेश जोशी ने कहा कि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के कार्यकाल में कम-से-कम सात प्रमुख परीक्षाएं पेपर लीक व गंभीर अनियमितताओं के कारण विवादों में रहीं। इनमें UKSSSC स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा, वन आरक्षी भर्ती परीक्षा, सचिवालय सुरक्षा संवर्ग भर्ती परीक्षा, UKPSC पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा, UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा-2025 व उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की बी.टेक परीक्षाओं से जुड़े मामले शामिल हैं। उन्होंने इन सभी प्रकरणों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था भी लगातार कमजोर हो रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 826 सरकारी प्राथमिक विद्यालय शून्य छात्र संख्या के कारण बंद हो चुके हैं, जबकि मार्च 2024 तक प्रदेश में 1,671 सरकारी विद्यालय बंद होने की जानकारी सामने आई थी। उनका कहना है कि यह स्थिति सरकार की शिक्षा नीति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।सुराज सेवा दल ने मांग की कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल माफिया, अधिकारियों व अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के पेपर लीक प्रकरण की अलग से गहन जांच कराई जाए और सभी भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही बंद पड़े सरकारी विद्यालयों को लेकर सरकार श्वेत पत्र जारी करे और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस नीति लागू की जाए।

रमेश जोशी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो सुराज सेवा दल पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सुराज सेवादल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तीनों जनपदों से प्रधानमंत्री के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!