
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जमीनी धोखाधड़ी के मामलों में वांछित चल रहे ₹5000 के ईनामी गैंगस्टर को आखिरकार पथरी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। करीब छह महीने से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा आरोपी पुलिस की पैनी नजर से ज्यादा दिन नहीं बच सका। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की एक और बड़ी सफलता माना जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में फरार अपराधियों, गैंगस्टरों और जरायम पेशेवरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना पथरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में छह महीने से फरार चल रहे ₹5000 के ईनामी आरोपी रोमी चौहान उर्फ सेठजी पुत्र एन्थोनी, निवासी सोनालीपुरम, आईआईटी रुड़की, जनपद हरिद्वार
को सुभाषगढ़ तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले इसी गिरोह के चार अन्य सदस्यों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रोमी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना और प्रभावी रणनीति के आधार पर आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य आम लोगों को जमीनी सौदों में झांसा देकर धोखाधड़ी करने का काम करते थे। आरोपी के विरुद्ध थाना पथरी में वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गौरतलब है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस अब तक 10 ईनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल मुकेश चौहान व कांस्टेबल दीपक चौधरी शामिल रहे।



