“गंगनहर में डूबने से चार नाबालिग कांवड़ियों की दर्दनाक मौत, एक को बचाने में गई तीन और साथियों की जान, (देखें वीडियो)..
चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए थे चारों किशोर, जटवाड़ा पुल के पास नहाते समय गहरे गड्ढे में हुआ हादसा; पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों को दी सूचना..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; आस्था की डगर पर निकले चार किशोर कांवड़ियों का सफर मातम में बदल गया।
गंगाजल लेकर घर लौटने से पहले गंगनहर में स्नान के दौरान एक साथी को बचाने की कोशिश में चारों किशोर काल के गाल में समा गए।
ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास हुए इस हृदयविदारक हादसे ने कांवड़ मेले के बीच हर किसी की आंखें नम कर दीं।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से करीब 17 कांवड़ यात्रियों का एक दल गंगाजल लेने हरिद्वार आया था। गंगाजल भरने के बाद सभी जटवाड़ा पुल के समीप गंगनहर में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान एक किशोर गंगनहर में बने गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए,
लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और चारों देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगनहर में भारी मात्रा में सिल्ट आने से पानी का प्रवाह कम कर दिया गया था।
इसके चलते कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए थे। कम पानी देखकर कांवड़िए नहर के बीच तक चले गए, लेकिन गड्ढे की गहराई उनकी जान पर भारी पड़ गई।
सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16 वर्ष) पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश (सेक्टर-16, चंडीगढ़) व रोहित पुत्र भवानी प्रजापति (सेक्टर-26, चंडीगढ़) के रूप में हुई है। सभी कांवड़िए चंडीगढ़ से अपने साथियों के साथ हरिद्वार गंगाजल लेने आए थे।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



