
पंच👊नामा
पिरान कलियर; ससुराल में प्रताड़ना से तंग आकर युवती की मौत के मामले में पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी कलियर पुलिस को सफलता मिली।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम हबीबपुर निवादा में दबिश देकर आरोपी बंसत कुमार (पति), विनय कुमार (ससुर) और एक महिला (सास) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार झबरेड़ा निवासी नीटूराम ने 21 जुलाई को कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था
कि उसकी पुत्री को ससुराल पक्ष लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के दौरान आत्महत्या के दुष्प्रेरण की धाराएं बढ़ाई गईं। शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक शहजाद अली, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार व महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रहे।



