“ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां तेज, ‘औन फाउंडेशन’ ने साबिर पाक में पेश की अकीदत की चादर, अब रक्तदान से लेकर मरीजों की खिदमत और मूए-मुबारक की जियारत तक होंगे कार्यक्रम..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; माह-ए-रबीउल अव्वल का चांद नजर आने के बाद जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां तेज हो गई हैं। पिरान कलियर में भी मिलाद की रौनक दिखाई देने लगी है। इसी सिलसिले में सोमवार को औन फाउंडेशन (AWN Foundation) की ओर से संस्था के सदर कुंवर शाहिद की सरपरस्ती में
दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. में अकीदत की चादर और फूल पेश कर खिराज-ए-अकीदत पेश की गई। चादरपोशी के लिए खादिम मुनव्वर अली साबरी की खानकाह से जुलूस निकाला गया, जो मेन रोड से होता हुआ दरगाह मेन गेट पहुंचा। जहा दरबार मे चादर पेश की गई, इस दौरान हाफिज मौलाना अनस साबरी ने दुआ-ए-खैर कराई। इस दौरान मुल्क में अमनो-सलामती, खुशहाली और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगी गईं।
चादरपोशी के दौरान औन फाउंडेशन के पदाधिकारी, मेम्बरान और अकीदतमंद मौजूद रहे। दरगाह पहुंचने पर पूरे अदब व एहतराम के साथ चादर और फूल पेश किए गए। इसके बाद फातिहाख्वानी और दुआ का सिलसिला हुआ। चादरपोशी के बाद मुनव्वर अली साबरी की खानकाह पर लंगर का भी आयोजन किया गया।
ईद मिलादुन्नबी पर होंगे कई खिदमाती और समाजी कार्यक्रम…..
औन फाउंडेशन की ओर से ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि समाजी और खिदमाती गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। संस्था की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, लंगर, जुलूस का खैरमकदम और हुजूर पाक ﷺ के मूए-मुबारक की जियारत समेत विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘मिलाद का पैगाम मोहब्बत, इंसानियत और अमन है’ — शाह यावर मियां…..
साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल रहमतों और बरकतों का महीना है। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर हमें हुजूर पाक ﷺ की सीरत-ए-पाक और उनके अमन, मोहब्बत व इंसानियत के पैगाम को अपनी जिंदगी में उतारने का अहद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साबिर पाक की बारगाह में चादर पेश कर मुल्क में अमनो-सलामती, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की गई है।
‘धार्मिक आयोजनों के साथ इंसानियत की खिदमत भी जरूरी’ — कुंवर शाहिद….
औन फाउंडेशन के सदर कुंवर शाहिद ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी हमारे लिए खुशी, रहमत और मोहब्बत का पैगाम लेकर आती है। संस्था की कोशिश है कि इस मुबारक मौके पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ इंसानियत की खिदमत से जुड़े काम भी किए जाएं।
उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से ब्लड डोनेट कैंप लगाया जाएगा, अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे, लंगर का आयोजन होगा और ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का खैरमकदम किया जाएगा। इसके अलावा अकीदतमंदों के लिए हुजूर पाक ﷺ के मूए-मुबारक की जियारत का खास कार्यक्रम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का मकसद मिलाद की खुशियों को समाज के हर तबके तक पहुंचाना और मोहब्बत, भाईचारे व इंसानियत का पैगाम आम करना है।
‘साबिर पाक की बारगाह से मिलता है अमन और मोहब्बत का पैगाम’ — मुनव्वर अली साबरी….
खादिम मुनव्वर अली साबरी ने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल की आमद हर आशिक-ए-रसूल के लिए खुशी और बरकत का पैगाम है। साबिर पाक की बारगाह में चादरपोशी के लिए पहुंचने वाले सभी अकीदतमंदों का खैरमकदम करते हुए उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी को मोहब्बत, भाईचारे और अमनो-सलामती के पैगाम के साथ मनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि साबिर पाक की दरगाह से हमेशा इंसानियत, मोहब्बत और अमन का पैगाम दिया गया है। औन फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे खिदमाती और समाजी कार्य भी इसी जज्बे की कड़ी हैं। उन्होंने सभी से मिलाद की खुशियां आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
चादरपोशी के बाद मुनव्वर अली साबरी की खानकाह पर लंगर किया गया। इस दौरान मुनव्वर अली साबरी, परवेज़ आलम पत्रकार, आसिफ़ अली उर्फ़ हैदर, आलम मंसूरी, गुड्डू साबरी, मुमताज़ नकवी, सैफ़ अली, अतीक़ अहमद, आरिफ़ अली, अली रज़ा, शाहज़ैन साबरी समेत औन फाउंडेशन के पदाधिकारी, मेम्बरान और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।



