“साबिर पाक के दरबार में अकीदत का नजारा, ‘अंजुमन’ ने पेश की चादर..
हारून खान ने पेश किया चांदी का ताला, शाह यावर मियां ने कराई चादरपोशी और दुआ, ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी रजि. की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को पिरान कलियर स्थित दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक में अकीदत की चादर और फूल पेश किए गए। चादरपोशी के दौरान मुल्क में अमनो सलामती, खुशहाली और अंजुमन के सामाजिक व धार्मिक कार्यों में कामयाबी के लिए दुआएं मांगी गईं। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता हारून खान ने भी दरबार-ए-साबिर पाक में चांदी का ताला पेश कर अपनी अकीदत का इजहार किया।
रबीउल अव्वल की 6 तारीख को हर वर्ष की तरह इस बार भी अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी रजि. के पदाधिकारी और मेम्बरान पिरान कलियर पहुंचे। अंजुमन की ओर से दरगाह साबिर पाक में अकीदत के साथ चादर और गुलपोशी की गई। साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने चादर पेश कराई और मुल्क व कौम में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ कराई।
चादरपोशी के दौरान जायरीन और अंजुमन से जुड़े लोगों ने दरबार-ए-साबिर पाक में हाजिरी देकर अपनी अकीदत पेश की। अंजुमन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पैगाम मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम है, जिसे आम करने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता हारून खान ने दरगाह साबिर पाक में चांदी का ताला पेश किया। उन्होंने कहा कि दरबार-ए-साबिर पाक में हाजिरी और अपनी अकीदत पेश करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मुल्क में अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ भी की।
चादरपोशी के बाद अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी के सेक्रेटरी राहिल कुरैशी ने कहा कि अंजुमन की ओर से हर वर्ष रबीउल अव्वल की 6 तारीख को दरगाह साबिर पाक में चादर पेश की जाती है। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का यह मुबारक महीना हमें मोहब्बत, इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देता है।
अंजुमन आगे भी सामाजिक और खिदमती कार्यों को पूरी शिद्दत के साथ जारी रखेगी। उन्होंने मुल्क में अमन, तरक्की और खुशहाली के साथ अंजुमन द्वारा किए जा रहे कार्यों में कामयाबी के लिए दुआ की। इस अवसर पर हारून खान, फैसल खान, हाजी जमशेद खान, मुनव्वर अली कुरैशी, आलम सैफी, रिहान साबरी समेत अंजुमन के पदाधिकारी, मेम्बरान और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।



