हरिद्वार

“कांवड़ पटरी पर फिर बिछी लाशें, चार बाइकों की भिड़ंत में तीन की दर्दनाक मौत..

एक माह में दूसरी बार खूनी टक्कर, छह घायल; हादसे के बाद फिर सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा इंतजाम..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; कांवड़ पटरी रोड शुक्रवार रात एक बार फिर खूनी हादसे की गवाह बन गई। करीब साढ़े दस बजे चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात तक हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ परिजनों से संपर्क करने के प्रयास में जुटी रही।इधर, हादसे के कारणों को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चारों बाइक आमने-सामने किस परिस्थिति में टकराईं और दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, लापरवाही या कोई अन्य वजह तो नहीं थी।एक महीने में दूसरी बार वही सड़क बनी मौत का रास्ता….
इस हादसे ने कांवड़ पटरी रोड पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि करीब एक माह पहले भी इसी मार्ग पर बाइकों की भीषण भिड़ंत हुई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी।एक हादसे के बाद दूसरे हादसे तक पहुंची तस्वीर बता रही है कि इस मार्ग पर सुरक्षा को लेकर अब केवल हादसे के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि हादसे रोकने के लिए ठोस इंतजामों की जरूरत है। लगातार हो रही बाइक दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भी चिंता बढ़ रही है।कांवड़ पटरी रोड पर बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन आवाजाही करते हैं। ऐसे में रात के समय यातायात व्यवस्था, वाहनों की रफ्तार, सड़क की निगरानी और संभावित ब्लैक स्पॉट को लेकर प्रभावी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है और मृतकों व घायलों की पहचान के बाद हादसे की पूरी तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!