“AWN Foundation की नात ए पाक प्रतियोगिता में 40 से ज्यादा बच्चों ने जमाई रूहानी महफिल..
शान-ए-मुस्तफ़ा प्रथम, मिर्ज़ा सलीम द्वितीय और नदीम अख़्तर तृतीय; नन्हीं बच्ची को मिला बेस्ट परफॉर्मेंस अवॉर्ड..

पंच👊नामा
रुड़की; माह-ए-रबीउल अव्वल की रूहानी फिजाओं के बीच नगर निगम हॉल रुड़की में उस वक्त अकीदत और मोहब्बत का माहौल देखने को मिला, जब AWN Foundation की ओर से आयोजित नात-ए-पाक प्रतियोगिता में बच्चों की मासूम और पुरअसर आवाजें गूंज उठीं। हर नात के साथ महफिल में मौजूद लोगों ने बच्चों की हौसला-अफ़जाई की। प्रतियोगिता में हरिद्वार जनपद के विभिन्न मदरसों व शैक्षणिक संस्थानों से आए 40 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे अदब, आत्मविश्वास और खूबसूरत अंदाज़ में नात-ए-पाक पेश की। किसी की आवाज़ में मोहब्बत की मिठास नजर आई तो किसी की प्रस्तुति में अकीदत और अदब की गहराई दिखाई दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में शान-ए-मुस्तफ़ा ने प्रथम स्थान, मिर्ज़ा सलीम ने द्वितीय स्थान व नदीम अख़्तर ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य प्रतिभागी बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी प्रतिभा और उत्साह को प्रोत्साहित किया गया।
एक छोटी बच्ची की शानदार प्रस्तुति को विशेष रूप से सराहते हुए उसे “बेस्ट परफॉर्मेंस अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया, जिसने कार्यक्रम की महफिल में अलग ही आकर्षण पैदा कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह गांधी, दर्जाधारी देशराज कर्णवाल, कुँवर जावेद इक़बाल सेंट मार्क्स एकेडमी सहित शहर के अनेक गणमान्य एवं मौज्ज़िज़ हज़रात मौजूद रहे।
AWN Foundation के सेक्रेटरी कुँवर शाहिद ने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल के अवसर पर संस्था की ओर से हर वर्ष सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष की शुरुआत नात-ए-पाक प्रतियोगिता से की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच महज प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उनमें बचपन से ही अदब, मोहब्बत और अपनी धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव की भावना पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे नात-ए-पाक के जरिए सरकार-ए-दो-आलम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा ﷺ की शान में कलाम पेश करते हैं, तो उनके भीतर अदब और अकीदत की भावना और मजबूत होती है। संस्था की कोशिश है कि बच्चों की प्रतिभा को मंच मिले और उनकी आवाज़ के जरिए मोहब्बत व अकीदत का पैगाम समाज तक पहुंचे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आसिफ अली उर्फ़ हैदर, आरिफ अली, बिलाल खान, गुड्डू साबरी, इनाम साबिर, संस्था के पैट्रन अमजद उस्मानी व आरिफ नियाज़ी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में शहर के समाजसेवी, शिक्षाविद्, अभिभावक, विभिन्न मदरसों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोग और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न संस्थानों से पहुंचे प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। AWN Foundation की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों, मदरसों, शैक्षणिक संस्थानों व आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।



