
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों की नींद और लापरवाही का फायदा उठाकर सामान चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को जीआरपी हरिद्वार ने गिरफ्तार किया है।
एसपी जीआरपी अरुणा भारती के निर्देश और सीओ जीआरपी अनुज के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए आरोपितों के कब्जे से दो लैपटॉप और चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर जीआरपी हरिद्वार बिपिन चंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मामलों की जांच करते हुए सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से ये ट्रिपल सफलता प्राप्त की है।
पहले मामले में 12 सितंबर को बिहार निवासी गोविंद प्रसाद गुप्ता दिल्ली से नंदा देवी एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद वह प्लेटफार्म नंबर एक पर आराम करने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आकर बैठ गया और मौका मिलते ही लैपटॉप वाला बैग लेकर फरार हो गया। बैग में ASUS कंपनी का लैपटॉप था।
शिकायत के आधार पर जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुरादाबाद निवासी दीपक उर्फ वंश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप बरामद कर लिया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
दूसरे मामले में 12 सितंबर की रात मुजफ्फरनगर निवासी विकास कुमार सफाईकर्मी की ड्यूटी के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन आया था। उसने अपनी भाई की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल टिकट घर के पीछे सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी कर दी। रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी खत्म होने पर वापस लौटा तो बाइक गायब थी।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक व सर्विलांस माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने रोहन उर्फ टेढ़ा निवासी ग्राम जसोला, खतौली, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसके कमरे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
तीसरे मामले में निहारिका पांडे 11 सितंबर की रात देहरादून-काठगोदाम ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान वह आराम करने लगीं। हरिद्वार पहुंचने पर उन्हें अपना पिट्ठू बैग गायब मिला। बैग में लैपटॉप, घड़ी समेत अन्य सामान था। मामले में काठगोदाम जीआरपी में जीरो एफआईआर दर्ज हुई, जिसे बाद में हरिद्वार जीआरपी भेजा गया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 15 सितंबर को रायवाला-मोतीचूर क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास कच्चे रास्ते से सुनील कुमार निवासी बिटवाना, थाना मॉडल टाउन, रेवाड़ी, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया Lenovo ThinkPad लैपटॉप बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपित लैपटॉप को बेचने के लिए ले जा रहा था।
इन पुलिस टीमों ने किया खुलासा….
पहले मामले में: अपर उप निरीक्षक श्यामदास, अपर उप निरीक्षक कैलाश नाथ, कांस्टेबल अंकुर कुमार और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे। दूसरे मामले में: अपर उप निरीक्षक कैलाश नाथ, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल करुणेश कुमार (एसओजी जीआरपी हरिद्वार) और कांस्टेबल दीपक चौधरी (एसओजी जीआरपी हरिद्वार) ने कार्रवाई की। तीसरे मामले में: अपर उप निरीक्षक अतुल चौहान और कांस्टेबल खलील जावेद की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी का लैपटॉप बरामद किया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यात्रियों की लापरवाही का उठाते थे फायदा…..
जीआरपी के अनुसार, ऐसे शातिर चोर अक्सर यात्रियों के ट्रेन में सो जाने अथवा प्लेटफार्म पर सामान रखकर आराम करने का फायदा उठाते हैं। मौका मिलते ही मोबाइल, लैपटॉप, बैग और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान को सुरक्षित रखने और नींद की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।



