“गणपति विसर्जन के दौरान गंगा में बह गई किशोरी, हरिद्वार में धोबीघाट के पास हादसा..
गणपति विसर्जन के लिए हरिद्वार पहुंचा था श्रद्धालुओं का दल, तेज बहाव में लापता हुई 16 वर्षीय प्रीति सैनी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। गणपति विसर्जन के दौरान हरिद्वार में बड़ा हादसा हो गया। हरकी पैड़ी के सामने धोबीघाट के पास गणपति प्रतिमा विसर्जित करते समय 16 वर्षीय किशोरी गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और जल पुलिस ने किशोरी की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
देहरादून के डोईवाला क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक दल गणपति विसर्जन के लिए हरिद्वार पहुंचा था। दल के सदस्य हरकी पैड़ी के सामने धोबीघाट के बगल में गंगा में गणपति विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय प्रीति सैनी भी गंगा में पहुंच गई। अचानक पैर फिसलने अथवा तेज बहाव की चपेट में आने से वह गंगा में बह गई।
किशोरी के गंगा में बहते ही साथ आए लोगों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च अभियान शुरू किया। आसपास के घाटों और गंगा के बहाव क्षेत्र में भी किशोरी की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि 16 वर्षीय प्रीति सैनी गंगा में बहकर लापता हुई है। पुलिस और जल पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। गंगा के बहाव वाले क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।



