
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अपराधियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना पथरी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर पुलिस ने लूट की वारदात का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया, वहीं दूसरी ओर नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर अपहर्ता को बरामद किया है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय किया गया। एसएसपी के निर्देशों के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस ने तकनीकी व मैनुअल पुलिसिंग के साथ सुरागरसी-पतारसी के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई की। पहले मामले में पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और लूटा गया सामान बरामद किया। वहीं दूसरे मामले में नाबालिग के अपहरण के मुकदमे में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया गया।
केस-1: मारपीट कर जेवर और मोबाइल लूटे, पांच घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार…..
थाना पथरी में ज्वालापुर क्षेत्र के दयानन्द नगरी निवासी नीरज चौहान पुत्र राजेश चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया हुआ था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविदास मंदिर के पास लक्सर रोड से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद हुआ। दोनों पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, रितिक पुत्र जगदीश, निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, व विशाल पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी के रूप में हुई जिनके कब्जे से दो पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की चेन, एक सफेद धातु का कड़ा, एक सफेद धातु का लॉकेट, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की ही। पुलिस टीम में रविन्द्र कुमार थानाध्यक्ष, मोहन कठैत चौकी प्रभारी फेरुपुर, कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल कान्ति राम शर्मा व कांस्टेबल वीरेन्द्र चौहान शामिल रहे।
केस-2: नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता बरामद…
दूसरे मामले में ग्राम इक्कड़ खुर्द निवासी सलीम पुत्र जाननी ने 14 अक्टूबर को थाना पथरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम इक्कड़ कला निवासी फुरकान पुत्र अकरम उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। नाबालिग के अपहरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने क्षेत्र में सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी फुरकान पुत्र अकरम, निवासी ग्राम इक्कड़ कला, थाना पथरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन,कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी व कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।



