अपराधदेहरादून

“पटेलनगर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’, चोरी के फरार आरोपी से लेकर खुखरी लेकर घूम रहे संदिग्ध तक पर शिकंजा..

बांग्लादेशी नागरिक को पश्चिम बंगाल के मालदा से ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाई पुलिस, अवैध खुखरी के साथ एक गिरफ्तार; पॉक्सो कोर्ट के मामले में वांछित दो वारंटी भी दबोचे..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अपराधियों की धरपकड़ और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बांग्लादेशी नागरिक को पश्चिम बंगाल से देहरादून लाने में सफलता हासिल की, वहीं आपराधिक वारदात की फिराक में घूम रहे एक व्यक्ति को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर एक महिला समेत दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों और कानून की गिरफ्त से बचने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की धरपकड़, संदिग्धों की चेकिंग और न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर कोतवाली पुलिस को अलग-अलग मामलों में यह सफलता मिली।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तीनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चोरी के मामले में फरार आरोपी के विरुद्ध पहले ही लुक आउट नोटिस जारी किया गया था, जबकि खुखरी बरामदगी के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, वारंटियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

केस-1: चोरी कर फरार हुआ बांग्लादेशी नागरिक, मालदा से पकड़कर देहरादून लाई पुलिस…..
पटेलनगर क्षेत्र में घर का दरवाजा तोड़कर ज्वैलरी चोरी करने के मामले में फरार चल रहे बांग्लादेशी नागरिक को दून पुलिस पश्चिम बंगाल के मालदा से ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लेकर आई है। आरोपी की पहचान मोहम्मद मिर्जानूर रहमान पुत्र मोहम्मद तुल्लु रहमान अली, निवासी ग्राम शिवगंज, जिला चापाई नवाबगंज, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, एक जनवरी 2024 को गुरुरोड, पटेलनगर निवासी मिली पत्नी मनोज नागी ने घर का दरवाजा तोड़कर ज्वैलरी चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने 22 जनवरी 2024 को गोविंद शुक्ला पुत्र महेश चंद्र शुक्ला, निवासी साहबनगर, कल्याणपुर, कानपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में गोविंद ने वारदात में मोहम्मद मिर्जानूर रहमान के शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी किया गया।पुलिस को आठ अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि आरोपी को पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित इंग्लिश बाजार-मोहदीपुर क्षेत्र में डिटेन किया गया है। इसके बाद पुलिस टीम रवाना की गई और 15 अक्टूबर को आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस घटना के संबंध में गोविंद शुक्ला ने उसे उसके हिस्से के 60 हजार रुपये दिए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार व कांस्टेबल विश्वास कुमार शामिल रहे।

केस-2: झूलापुल के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था युवक, तलाशी में निकली अवैध खुखरी…..
पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, केशोवाला रोड पर झूलापुल के सामने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई।आरोपी की पहचान सहिद हसन पुत्र मोहर्रम अली, निवासी ग्राम भूड़डी, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने खुखरी कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम में कांस्टेबल अनिल भंडारी व कांस्टेबल रजत पंवार शामिल रहे।

केस-3: पॉक्सो कोर्ट के मामले में दो वारंटी गिरफ्तार, महिला भी शामिल….
ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम पुत्र मोहम्मद ईदरीश, उम्र 32 वर्ष, और शहजादी पत्नी सद्दाम, उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी ब्रह्मपुरी, लोहियानगर, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, दोनों के विरुद्ध माननीय स्पेशल जज पॉक्सो, जनपद देहरादून की अदालत में विचाराधीन वाद से संबंधित गैर-जमानती वारंट जारी थे। वारंटों की तामील के लिए गठित पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल राजकुमार व महिला कांस्टेबल योगिता शामिल रही।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!