“दो साल तक उलझी रही अफजाल की मौत की गुत्थी, आखिरकार पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट..
हत्या या आत्महत्या के सवाल पर परिजन दो साल से लगा रहे थे इंसाफ की गुहार, तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार ने तकनीकी साक्ष्यों से जांच को दी दिशा; इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने पूरी की कार्रवाई..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दो साल तक कभी हत्या तो कभी आत्महत्या के सवालों में उलझा रहा अफजाल की मौत का मामला आखिरकार एक अहम मुकाम तक पहुंच गया है। पिरान कलियर पुलिस ने लंबी जांच-पड़ताल के बाद आरोपी पत्नी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस बहुचर्चित मामले की जांच के दौरान कई पुलिस अधिकारियों के तबादले हुए,
जांच की दिशा बदली और कानूनी अड़चनें भी सामने आईं, लेकिन फाइल बंद नहीं हुई। तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और बारीक पड़ताल के जरिए मामले की गुत्थी सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया, जबकि बाद में जांच की जिम्मेदारी संभालने वाले इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चार्जशीट दाखिल की। करीब दो साल से इंसाफ की आस लगाए बैठे पीड़ित परिवार के लिए यह एक बड़ी राहत मानी जा रही है।
दरअसल, 19/20 नवंबर 2024 की रात पिरान कलियर क्षेत्र के बेडपुर निवासी अफजाल का शव उसके कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था। शुरुआती तौर पर मामला गोली मारकर आत्महत्या किए जाने का सामने आया था, लेकिन अफजाल के परिजन इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं थे। परिवार का शुरू से ही दावा था कि अफजाल ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसी शक के आधार पर परिजन लगातार पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे थे।
परिजनों का शक धीरे-धीरे अफजाल की पत्नी बिलकिस बानो पर जाकर ठहरा। इसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज हुआ और तत्कालीन कलियर थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस के सामने कई सवाल थे, लेकिन लंबे प्रयासों के बावजूद जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। इसी बीच थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी का तबादला हो गया और मामले की जांच तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार के पास आ गई।
रविन्द्र कुमार ने तकनीकी साक्ष्यों से आगे बढ़ाई जांच की गाड़ी…..
जांच की कमान संभालने के बाद तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार ने मामले को नए सिरे से समझने का प्रयास किया। घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। पूछताछ, उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को बारीकी से खंगालते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया। लंबे समय से उलझे इस मामले में रविन्द्र कुमार ने कई अहम पहलुओं पर काम किया और जांच को एक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जांच के दौरान जब अफजाल की पत्नी पर संदेह का दायरा गहराने लगा तो उसने अपने भाई, जो वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है, की मदद से हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक (अरेस्टिंग स्टे) हासिल कर लिया। इसके बाद मामले की जांच टिहरी स्थानांतरित करा दी गई। इन परिस्थितियों के चलते जांच की प्रक्रिया और पेचीदा हो गई। हालांकि, मामले से जुड़े साक्ष्यों और जांच की कड़ियों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहे।
कमल मोहन भंडारी ने फाइल को पहुंचाया अंजाम तक…..
समय के साथ तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार का भी तबादला हो गया। इसके बाद कलियर कोतवाली की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी को सौंपी गई। जांच की फाइल एक बार फिर उनके पास पहुंची। उन्होंने पूर्व में हुई जांच और जुटाए गए साक्ष्यों को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक कार्रवाई पूरी की। आखिरकार करीब दो साल बाद आरोपी महिला के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी गई।
खास बात यह है कि इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी का भी देहरादून तबादला हो गया, लेकिन कोतवाली से विदाई लेने से पहले उन्होंने इस चर्चित मामले की जांच को अधूरा नहीं छोड़ा और चार्जशीट दाखिल कर अपनी जिम्मेदारी पूरी की। इस तरह रविन्द्र कुमार की मेहनत से आगे बढ़ी जांच को कमल मोहन भंडारी ने कानूनी अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
एक महीने के भीतर दो बेटों को खो चुका था परिवार….
इस पूरे मामले का सबसे भावुक पहलू यह भी है कि अफजाल की मौत से ठीक एक महीने पहले उसके छोटे भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार अभी एक बेटे को खोने के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि दूसरे बेटे अफजाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने उसे पूरी तरह तोड़कर रख दिया। दो-दो जवान बेटों को खोने के बाद परिवार की एक ही मांग थी कि अफजाल की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाए। परिजनों का कहना था कि यदि अफजाल ने आत्महत्या की थी तो पुलिस इसकी पुष्टि करे और यदि उसकी हत्या हुई है तो दोषी को कानून के मुताबिक सख्त सजा मिले। इसी मांग को लेकर परिवार लगातार इंसाफ की गुहार लगा रहा था।
फिलहाल, आरोपी पत्नी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले ने एक नया कानूनी पड़ाव पार कर लिया है। हालांकि, अंतिम सच और आरोपों पर फैसला न्यायालय में साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही होगा, लेकिन लंबे समय से जवाब तलाश रहे पीड़ित परिवार को अब न्याय की उम्मीद जरूर जगी है।



