“सिंचाई विभाग की जमीन पर दुकान लगाने वालों की रोजी-रोटी का संकट, सभासद नाजिम त्यागी ने बोर्ड बैठक में उठाया मुद्दा..
बोर्ड बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर अस्थायी दुकानदारों की समस्या तक उठाए सवाल, वार्ड तीन में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी के कार्यों के रखे प्रस्ताव..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; नगर पंचायत पिरान कलियर की बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर तीन के सभासद नाजिम त्यागी ने जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने सिंचाई विभाग की भूमि पर लंबे समय से अस्थायी दुकानें लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे स्थानीय दुकानदारों की समस्या को बोर्ड के सामने रखते हुए उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने की मांग की। सभासद ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच इन दुकानदारों के सामने बार-बार रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में नगर पंचायत को सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित कर ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे सरकारी भूमि का नियमानुसार उपयोग भी हो और गरीब परिवारों का रोजगार भी प्रभावित न हो।
दरअसल, पिरान कलियर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर सिंचाई विभाग की जमीन पर स्थानीय लोग लंबे समय से अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं। इन दुकानदारों में कई ऐसे परिवार हैं, जिनकी रोजी-रोटी पूरी तरह इसी छोटे कारोबार पर निर्भर है। समय-समय पर अतिक्रमण के नाम पर दुकानें हटाए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए नाजिम त्यागी ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर कोई व्यवहारिक विकल्प निकाला जाए। इसके लिए नियमानुसार लीज पर जमीन उपलब्ध कराने या किसी अन्य वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है, ताकि दुकानदारों का रोजगार भी चलता रहे और व्यवस्था भी बनी रहे।
प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों पर मांगा जवाब….
सभासद नाजिम त्यागी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को आवास की किश्तें नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों को पत्र देकर सवाल किया कि नगर पंचायत क्षेत्र में योजना के तहत चल रहे सत्यापन के दौरान कितने पात्र लाभार्थियों के नाम ड्रॉप आउट किए गए हैं और वर्तमान में उनकी स्थिति क्या है? पात्र लोगों को किश्तों का भुगतान नहीं होने के पीछे क्या कारण हैं और पूर्व में बोर्ड बैठकों में इस संबंध में लिए गए निर्णयों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है? उन्होंने यह भी पूछा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ कब तक मिल सकेगा। सभासद ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत दिलाने के लिए स्पष्ट जवाब और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
वार्ड तीन में जलभराव से लेकर सड़क और स्ट्रीट लाइट तक के मुद्दे….
वार्ड नंबर तीन की मूलभूत समस्याओं को लेकर भी सभासद ने कई प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे। उन्होंने सरकारी भूमि पर संबंधित विभाग से वार्ता कर दुकानें बनवाने और नगर पंचायत की आय बढ़ाने का सुझाव दिया। इसके साथ ही जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नालियों और नालों का निर्माण, जर्जर नालियों की मरम्मत, आंतरिक मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें लगाने व सार्वजनिक स्थानों पर दस बेंचों का निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने वार्ड स्थित तालाब में जमा गंदे पानी की निकासी का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा कांवड़ पटरी मार्ग पर स्टील गार्डर पुल से ग़ैब अली शाह मार्ग तक सड़क के दुरुस्तीकरण और मरम्मत का प्रस्ताव रखा। वार्ड के विभिन्न आंतरिक रास्तों पर इंटरलॉकिंग और आरसीसी सड़क निर्माण, नालियों के निर्माण और खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर कराकर दुरुस्त कराने की मांग भी की।
बोर्ड बैठक में उठे सवालों पर कार्रवाई की दरकार…..
सभासद नाजिम त्यागी ने कहा कि वार्ड की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है। ऐसे में केवल प्रस्ताव पारित करना पर्याप्त नहीं, बल्कि धरातल पर काम भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जनहित के इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाने और जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया।



