अपराधहरिद्वार

“विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआइआर, हरिद्वार पुलिस करेगी जांच..

अंकिता की निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक करने का मामला, गांधी पार्क में माता-पिता के धरने के बाद हुई कार्रवाई; हरीश रावत, गणेश गोदियाल समेत कई नेता समर्थन में पहुंचे..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अंकिता भंडारी की निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक करने के मामले में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ देहरादून के राजपुर थाने में जीरो एफआइआर दर्ज की गई है। अंकिता की मां सोनी देवी की शिकायत पर दर्ज इस मुकदमे की जांच अब हरिद्वार पुलिस करेगी। बुधवार को अंकिता के माता-पिता के गांधी पार्क में धरने पर बैठने और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद यह कार्रवाई हुई।दरअसल, अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी ने 22 नवंबर को राजपुर थाने में शिकायत देकर विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि 16 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में विनोद आर्य ने अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई निजी WhatsApp बातचीत के चार हजार से अधिक पन्नों के ट्रांसक्रिप्ट सार्वजनिक किए थे। उन्होंने इन चैट के आधार पर अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए अंकिता की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया था।शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस उन्हें देहरादून और हरिद्वार के बीच चक्कर कटवा रही है। धरने को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, मार्क्सवादी नेता इंद्रेश मैखुरी और कांग्रेस नेता गरिमा मेहरा समेत कई लोगों ने समर्थन दिया। इसके बाद परिजन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले। देर शाम राजपुर थाने में जीरो एफआइआर दर्ज की गई, जिसे हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।न्यायालय में अप्रासंगिक मानी गई थीं निजी चैट……
सोनी देवी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई निजी बातचीत को हत्याकांड की न्यायिक कार्यवाही के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया था। हालांकि, इन निजी बातचीत के आधार पर सवाल पूछने के प्रयास को न्यायालय ने अप्रासंगिक मानते हुए अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद इन चैट को सार्वजनिक करना मृतका की निजता, गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।गौरतलब है कि सितंबर 2022 में वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। अब इस नए मुकदमे में पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button