अपराधहरिद्वार

“बाइक मैकेनिक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या, दो बदमाशों की जिले भर में तलाश..

बहादराबाद के शांतरशाह में दुकान में घुसकर वारदात, सरेआम हत्या से मचा हड़कंप..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र में बाइक मैकेनिक की दुकान पर पहुंचे दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मैकेनिक की हत्या कर दी। कई गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सरेआम हुई हत्या की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शान्तरशाह गांव निवासी हैप्पी बहादराबाद-शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दो बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि हैप्पी कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ चली गोलियों से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कई गोलियां लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। सरेआम दुकान पर हुई हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस में भी हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह रही। बदमाश कौन थे, उन्होंने हैप्पी को ही निशाना क्यों बनाया और वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या अन्य कारण, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उनके आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।हत्या के बाद पुलिस ने जिलेभर में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच के साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!