हरिद्वार

“चार दशक की सेवा के बाद रिटायर्ड हुए डॉ. मनमोहन गुप्ता, एसएमजेएन परिवार ने दी भावभीनी विदाई..

कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी बोले, शिक्षक का योगदान कक्षा तक सीमित नहीं..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज हरिद्वार के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मनमोहन गुप्ता को करीब 40 वर्ष की गौरवपूर्ण एवं समर्पित शैक्षणिक सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी जी महाराज मुख्य अतिथि रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. मनमोहन गुप्ता का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने डॉ. गुप्ता के चार दशक के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि किसी शिक्षक का लगातार 40 वर्षों तक विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन देना गौरव की बात है। शिक्षक का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और जीवन को दिशा देता है। डॉ. गुप्ता ने निष्ठा एवं समर्पण से महाविद्यालय और विद्यार्थियों के हित में कार्य किया, जो भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए चरण का शुभारंभ है। उन्होंने डॉ. गुप्ता के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि डॉ. मनमोहन गुप्ता का दीर्घ एवं सफल सेवाकाल महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने शिक्षण के साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अनुभवी शिक्षक की सबसे बड़ी पूंजी उसके विद्यार्थी होते हैं और डॉ. गुप्ता के मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने डॉ. गुप्ता के साथ अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए उनके सरल, सहज, सहयोगी एवं सौम्य व्यक्तित्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता ने सहकर्मियों के साथ सदैव आत्मीय और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखा। उनके सेवानिवृत्त होने से महाविद्यालय एक अनुभवी एवं समर्पित शिक्षक की सेवाओं से वंचित होगा।सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. मनमोहन गुप्ता ने महाविद्यालय प्रबंध समिति, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसएमजेएन पीजी कॉलेज में बिताए 40 वर्ष उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियां हैं। महाविद्यालय परिवार से मिला स्नेह और सहयोग हमेशा स्मरणीय रहेगा।कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने किया। समारोह में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने डॉ. गुप्ता को स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!