
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पटेलनगर पुलिस ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में जहां एक महिला नशा तस्कर के कब्जे से 3.012 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, वहीं मोबाइल छीनौती के मामले में दो आरोपियों को दबोचकर छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। इसके अलावा अवैध खूखरी रखने वाले आरोपी और सट्टे की खाईबाड़ी करने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद देहरादून में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी, मोबाइल छीनौती, अवैध हथियार और जुआ-सट्टे के मामलों का खुलासा किया।
पटेलनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही चेकिंग अभियान तेज किया। पुलिस की इसी सक्रियता का नतीजा रहा कि महज एक दिन में चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला सामान और बरामदगी की गई।
केस वन : 3 किलो से ज्यादा गांजा के साथ महिला गिरफ्तार……
ऑपरेशन प्रहार और ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पटेलनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय के पास पेड़ के नीचे खाली स्थान पर महिला गांजा बेच रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 3.012 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान सिमरन पत्नी सूरज साहनी, निवासी ग्राम बेनीवाला, थाना गायघाट, जिला मुजफ्फरपुर बिहार, हाल निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर देहरादून, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है,
केस टू : नशे की लत पूरी करने के लिए मोबाइल छीनौती, दो शातिर गिरफ्तार…..
पटेलनगर पुलिस ने मोबाइल छीनौती की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों रिहान (18) और सलमान (19) को गिरफ्तार किया। 11 सितंबर को हिमानी पुत्री विनोद पाण्डेय निवासी भानियावाला, डोईवाला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दो मोटरसाइकिल सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 13 सितंबर को आर्मी ग्राउंड, चंद्रबनी चौक पटेलनगर से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से POCO कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्पेलण्डर मोटरसाइकिल बरामद हुई।पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोबाइल छीनौती की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।
केस थ्री : अवैध खूखरी लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार…..
ऑपरेशन प्रहार के तहत ही पटेलनगर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध खूखरी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को नयागांव रेशम फार्म से बंगले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मस्तू उर्फ सोनू पुत्र राजकुमार, निवासी झीबरहेड़ी, पटेलनगर, उम्र 30 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक खूखरी बरामद हुई। पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
केस फोर : सट्टे की खाईबाड़ी करते आरोपी को दबोचा……
पटेलनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महबूब कॉलोनी में सट्टे की खाईबाड़ी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से सट्टे का काम कर रहा था। मौके से उसके कब्जे में सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक पेन और 3,640 रुपये नकद बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र स्वर्गीय नईम खान, निवासी ब्रह्मपुरी निरंजनपुर, पटेलनगर, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई। उसके खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
चारों मामलों में पुलिस ने बरामदगी के आधार पर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पटेलनगर पुलिस की लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।



