अपराधहरिद्वार

ई-रिक्शा में सवारी बैठाई, सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही पेट पर अड़ाया नुकीला औजार और लूट लिए 10 हजार.!

रानीपुर पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, ई-रिक्शा चालक समेत तीन शातिर गिरफ्तार; नगदी, दस्तावेज, जूते और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; रात का अंधेरा, सुनसान रास्ता और ई-रिक्शा में पहले से बैठे दो युवक… सवारी को क्या पता था कि जिस ई-रिक्शा को उसने मंजिल तक पहुंचने के लिए चुना है, उसी में बैठे लोग उसे लूटने की फिराक में हैं। सिडकुल के राजा बिस्कुट चौक से ई-रिक्शा में बैठे युवक को सेक्टर-4 चौक से आगे सुनसान रास्ते पर ले जाकर पेट पर नुकीली वस्तु अड़ाकर डरा-धमकाया गया और उसके पास मौजूद 10 हजार रुपये की नगदी, बैग, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और जूते लूट लिए गए। वारदात के महज कुछ घंटों बाद हरिद्वार पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लूट की इस वारदात के तत्काल खुलासे के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुराने अपराधियों से पूछताछ और अन्य तकनीकी एवं मैनुअल सुराग जुटाने शुरू किए।एसपी सिटी अभय कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी 10 हजार रुपये की नगदी, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, चमड़े के जूते व वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया गया है। इसके अलावा लूट में इस्तेमाल किए गए लोहे का फर्सा और लोहे का एंगल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी व एसओजी प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने लीडो क्लब की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान एकांत स्थान पर खड़े ई-रिक्शा को संदिग्ध अवस्था में देखा। ई-रिक्शा में बैठे तीन युवकों से पूछताछ और तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 10 हजार रुपये नगद, वादी के आधार कार्ड-पैन कार्ड, चमड़े के जूते तथा लोहे के औजार बरामद हुए।पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे अक्सर रात के समय अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और वहां डरा-धमकाकर लूटपाट करते थे। आरोपियों ने राजा बिस्कुट चौक से ई-रिक्शा में बैठाए गए युवक को भी शिव मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके पेट पर नुकीली वस्तु लगाई और उससे नगदी, बैग, दस्तावेज, कपड़े व जूते लूट लिए।लूटी जींस पहनकर घूम रहा था आरोपी….
पूछताछ के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली बात पता चली। लूटे गए कपड़ों में शामिल जींस आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने खुद पहन रखी थी। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि वही जींस उसने पीड़ित से लूटने के बाद पहन ली थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा व लोहे के औजार बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने लालच, नशे और अपने शौक पूरे करने के साथ-साथ खर्चा चलाने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से विजय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।गिरफ्तार आरोपी….
1:- श्रवण कुमार पुत्र मूल चंद, निवासी ग्राम कनपारा, तहसील पुवायां, थाना पुवायां, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पप्पू चौहान का किरायेदार, सम्राट हॉल, सिडकुल बाईपास, हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष।
2:- विजय पुत्र रामजी, निवासी मोहल्ला हाथीयाना, बिलसंडा, बिशनपुर, थाना बिलसंडा, बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मोहित पाल का किरायेदार, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।
3:- आयुष उर्फ अनिकेत पुत्र राजेश, निवासी ग्राम नया गांव, थाना शेरकोट, धामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मोनू पाल का किरायेदार, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।पुलिस टीम…..
प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अ0उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेडकांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल विवेक गुसांई, कांस्टेबल पी.एस. दानू व कांस्टेबल सर्वजीत सिंह समेत सीआईयू टीम से निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट व कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!