अपराधहरिद्वार

“पथरी में चोरों की शामत! दो दिन में बाइक चोर पकड़ा, खंडहर से निकलीं 6 मोटरसाइकिलें..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस का एक्शन, भैंस चोरी का भी खुलासा; मुकुल गिरफ्तार, दूसरे साथियों की तलाश जारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पथरी क्षेत्र में वाहन चोरों और पशु चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद करने के साथ ही भैंस चोरी की घटना का भी खुलासा किया है। बाइक चोरी के मामले में एक विधि विवादित किशोर को हिरासत में लिया गया, जबकि भैंस चोरी के मामले में 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है, वहीं पशु चोरी से परेशान ग्रामीणों को भी राहत मिली है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई की। पुलिस टीमों को चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, चोरी के सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने और घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए गए थे।थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए चोरों तक पहुंचने के प्रयास किए। इसी का नतीजा रहा कि बाइक चोरी के मुकदमे में महज दो दिन के भीतर पुलिस को सफलता मिली, जबकि पशु चोरी के मामले में भी चोरी की गई भैंस को सकुशल बरामद कर लिया गया।केस-1: दो दिन में बाइक चोरी का खुलासा, खंडहर से मिलीं पांच और मोटरसाइकिलें…..
पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम पुरुषोत्तमनगर निवासी आकाश पुत्र निर्देश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 10 अक्टूबर को शाहपुर रामलीला मैदान के पास से उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की।पुलिस टीम ने गैस गोदाम तिराहे के पास से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ एक विधि विवादित किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दोगीवाला रोड स्थित कब्रिस्तान के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने कुल छह स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद पांच अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस आवश्यक सत्यापन कर रही है। पुलिस को वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और इनमें शामिल संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाने की उम्मीद है। किशोर के संबंध में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।केस-2: भैंस चोरी का खुलासा, आरोपी मुकुल गिरफ्तार….
पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीमाजरा निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उनकी भैंस चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।घटना के खुलासे के लिए जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर झाबरी जाने वाले मार्ग के पास से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर ग्राम झाबरी से चोरी की गई एक काले रंग की भैंस बरामद की गई। मौके पर वादिनी को बुलाकर भैंस की पहचान कराई गई, जहां उन्होंने उसे अपनी भैंस के रूप में पहचान लिया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुल पुत्र नरेश, निवासी ग्राम पुरुषोत्तमनगर, थाना पथरी, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। भैंस की सकुशल बरामदगी पर पीड़ित महिला और उनके परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।वाहन चोरी मामले की पुलिस टीम….
1:- रविन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष पथरी
2:- मोहन कठैत, चौकी प्रभारी फेरुपुर
3:- अपर उपनिरीक्षक जसवन्त सिंह
4:- कांस्टेबल दीपक चौधरी
5:- कांस्टेबल जयपाल चौहान
6:- कांस्टेबल अनिल
7:- कांस्टेबल मुकेश चौहान
8:- कांस्टेबल सोहन राणा
9:- कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट
10:- कांस्टेबल नरेश बहुगुणा
11:–कांस्टेबल विरेन्द्र चौहान
पशु चोरी मामले की पुलिस टीम…..
1:- मोहन कठैत, चौकी प्रभारी फेरुपुर
2:- अपर उपनिरीक्षक मुकेश सिंह
3:- कांस्टेबल मुकेश चौहान
4:- कांस्टेबल अनिल पंवार
5:- कांस्टेबल जयपाल चौहान
6:- कांस्टेबल जयपाल चौहान
7:- कांस्टेबल दौलत सिंह
8:- कांस्टेबल सुबोध शर्मा

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!