
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए दून पुलिस ने एक ही दिन में तीन मोर्चों पर बड़ा एक्शन लिया। कहीं वशीकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर भोले-भाले लोगों को ठगने वाले शातिरों का पर्दाफाश हुआ, तो कहीं राह चलते महिला के हाथ से मोबाइल झपटने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उधर, संदिग्धों और बाहरी व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए सत्यापन अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले भवन स्वामियों पर भी कार्रवाई की गई। तीनों कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस की नजर अपराधियों के साथ-साथ उन्हें पनाह देने और नियमों को ताक पर रखने वालों पर भी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़, संदिग्धों की पहचान और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए वशीकरण के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, मोबाइल स्नैचिंग की घटना का खुलासा कर एक आरोपी को दबोचा और व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान 35 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, ठगी के मामले में 100 से अधिक लोगों के शिकार होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।
कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपराधियों की पहचान, सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिर तंत्र की मदद और संदिग्धों के सत्यापन के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। तीनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग रणनीति अपनाते हुए ठगी के नेटवर्क, सड़क पर मोबाइल झपटने वाले आरोपी और सत्यापन नियमों का उल्लंघन करने वाले भवन स्वामियों पर शिकंजा कसा।
केस-1: वशीकरण का ढोंग, फर्जी दस्तावेजों का जाल; दो शातिर गिरफ्तार….
तंत्र-मंत्र और वशीकरण से लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर ठगी करने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को पटेलनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शाहरूख पुत्र शाहिद, निवासी ग्राम चित्तौड़, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर और सलमान पुत्र रियाजुल, निवासी शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापेमारी के दौरान पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। इसके बाद लोगों को पारिवारिक और अन्य समस्याएं तंत्र-मंत्र से दूर करने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे। अपनी पहचान छिपाने और ठगी की रकम हासिल करने के लिए आरोपियों ने अपने तथा अन्य व्यक्तियों के नाम से फर्जी आधार कार्ड और दूसरे दस्तावेज तैयार किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक वोटर कार्ड, दो भरे हुए चेक, एक जियो सिम कार्ड, एक मेट्रो कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए। पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों से ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और लेनदेन की भी जांच कर रही है, ताकि ठगी की रकम और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस टीम में नरेश सिंह राठौड़, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर, आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल राजदीप मलिक, कांस्टेबल विक्रान्त, कांस्टेबल अरशद व कांस्टेबल पंकज शामिल रहे।
केस-2: रैपिडो चालक बनकर घूमता रहा, मौका मिलते ही महिला का मोबाइल झपटा; 24 घंटे में गिरफ्तारी…
पटेलनगर क्षेत्र में महिला के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मोनाल एन्क्लेव, बंजारावाला निवासी भास्कर घिल्डियाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की शाम उनकी पत्नी पैदल जा रही थीं, तभी मोनाल एन्क्लेव के पास एक रैपिडो चालक उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी आरिफ पुत्र शमशाद, निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रैपिडो में काम करता है और नशे का आदी है। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मोबाइल छीनने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन व कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।
केस-3: 400 से ज्यादा लोगों का सत्यापन, 35 भवन स्वामियों पर 3.50 लाख का जुर्माना….
अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पटेलनगर पुलिस ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला समेत विभिन्न इलाकों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही पूर्व की आपराधिक घटनाओं में सामने आए अथवा जमानत पर चल रहे 13 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 35 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। इन पर कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस का कहना है कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। भवन स्वामियों से भी अपील की गई है कि वे किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय से सत्यापन कराएं, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।



