धनौरी रोड पर ‘गजराज’ की दस्तक, चार हाथियों के झुंड से मचा हड़कंप..
खेतों में घुसा हाथियों का झुंड, राहगीरों की बढ़ी धड़कन; वन विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; मंगलवार शाम कलियर-धनौरी रोड पर अचानक चार जंगली हाथियों की दस्तक से राहगीरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हाथियों का झुंड सड़क किनारे खेतों में पहुंच गया। हाथियों को करीब देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे और तत्काल वन विभाग व कलियर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और हाथियों की निगरानी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों हाथी धनौरी रोड के बराबर स्थित ग्रामीणों के खेतों में घूम रहे थे। हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ बढ़ती देख हाथी खेतों से होते हुए जंगल की ओर चले गए।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने मोर्चा संभालते हुए हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी और उन्हें आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने का प्रयास किया।
वहीं, धनौरी पुल के पास मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना ने भी ग्रामीणों और राहगीरों की चिंता बढ़ा दी है। एक ही समय में क्षेत्र में हाथियों और मगरमच्छ जैसे जंगली जानवरों की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने ग्रामीणों और राहगीरों से जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने और उनके नजदीक नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी तरह की अफवाह फैलाने के बजाय वन विभाग और पुलिस को सूचना देने की अपील की।
वही हाथियों की निगरानी तक धनौरी मार्ग पर आवाजाही को भी रोका जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


