अपराधहरिद्वार

“ज्वालापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, महज कुछ घंटों में दबोचा शातिर वाहन चोर, चोरी की इको स्पोर्ट और छोटा हाथी बरामद..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई वाहन चोरी की वारदातों का आरोपी फिर पहुंचा सलाखों के पीछे..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई इको स्पोर्ट कार और छोटा हाथी लोडर बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी कई वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों के त्वरित अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ज्वालापुर पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई को तेज किया।प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। लगातार की गई मेहनत रंग लाई और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने फरमान पुत्र निसार निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा, बकरा मार्केट, ज्वालापुर को रेगुलेटर पुल क्षेत्र से चोरी किए गए छोटा हाथी पिकअप के साथ गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने सब्जी मंडी से छोटा हाथी चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामद वाहन की जांच के दौरान उसमें से एक लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल भी मिला। आरोपी ने खुलासा किया कि यह मोबाइल ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से चोरी की गई इको स्पोर्ट कार से मिला था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यादव पेट्रोल पंप के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की इको स्पोर्ट कार भी बरामद कर ली।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और वाहन चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की गई है। गिरफ्तार आरोपी फरमान के खिलाफ वर्ष 2023 और 2024 में वाहन चोरी व चोरी का माल बरामद होने से संबंधित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे कोतवाली ज्वालापुर में दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास सामने आया है।कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उप निरीक्षक देवेंद्र पाल सिंह, उप निरीक्षक मनीष भंडारी, हेड कांस्टेबल संजीव राठी, कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल अरुण कोटनाला, कांस्टेबल अंकुर चौधरी तथा कांस्टेबल देवेंद्र कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!