“उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS-PCS अफसरों के तबादले..
देहरादून से हरिद्वार तक अफसरशाही में हलचल, शासन ने बदली कई कुर्सियों की जिम्मेदारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के कई अधिकारियों के तबादले कर दिए। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश में विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन के इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव को आगामी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय कार्यप्रणाली में तेजी लाने की कवायद माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की कमान दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल में शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निगम, आपदा प्रबंधन, अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यटन, राजस्व और शहरी विकास जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
आईएएस अधिकारियों की सूची में बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सचिव उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विनय शंकर पांडे को सचिव नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के साथ UK Health System Development Project का दायित्व सौंपा गया है। देहरादून जिलाधिकारी रहे सविन बंसल को सचिव नियोजन बनाया गया है। वहीं आशीष चौहान को जिलाधिकारी देहरादून के साथ स्मार्ट सिटी देहरादून का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासन ने नगर निगम देहरादून में भी बड़ा बदलाव किया है। आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नमामि बंसल को अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा विभाग भेजा गया है। इसके अलावा संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम और एमडी-जीएमवीएन का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। दीप्ति सिंह को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है। प्रतीक जैन को आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी मिली है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। इला गिरी को दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी का निदेशक नियुक्त किया गया है। सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। हरिद्वार प्रशासन में भी बदलाव हुआ है। पीसीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार बनाया गया है, जबकि योगेश मेहरा को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी व्यवस्थाओं को मजबूत करने और शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा भरने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।



