“हरिद्वार में छात्रवृत्ति घोटाले का बड़ा खुलासा, 19 शिक्षण संस्थानों पर एफआईआर; एसआईटी करेगी करोड़ों के खेल की जांच..
साल 2021-22 और 2022-23 की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में गड़बड़ी के आरोप, सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका (देखें किस-किस संस्थान पर हुई एफआईआर)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में हरिद्वार से कथित बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) की जांच में संदिग्ध पाए गए जिले के 19 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने एसआईटी गठित कर पूरे प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
जांच के दायरे में वर्ष 2021-22 और 2022-23 की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजनाएं हैं। आरोप है कि छात्रवृत्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेजों और अनियमित प्रक्रियाओं के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। शिकायतों के बाद भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने जांच कराई।
तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा गठित समितियों ने हरिद्वार, भगवानपुर, लक्सर और रुड़की क्षेत्र के संबंधित संस्थानों की जांच कर रिपोर्ट सौंपी। जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताओं और शासकीय धन के दुरुपयोग की आशंका सामने आने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत की तहरीर पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि एसआईटी हर पहलू की गहन जांच करेगी। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में छात्रवृत्ति के आवेदन, लाभार्थियों का सत्यापन, बैंक खातों और दस्तावेजों की भी पड़ताल की जाएगी।
इन 19 शिक्षण संस्थानों पर दर्ज हुआ मुकदमा…….
1:- गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल, सहदेवपुर
2:- एम.जी. पब्लिक स्कूल, अहमदपुर ग्रांट
3:- ए.एस.एन. इंटर कॉलेज, धीरवाली (ज्वालापुर)
4:- सैनी प्राइवेट आईटीआई, बहादराबाद
5:- जय भारती प्राइवेट आईटीआई, पदार्था
6:- एसबीएन प्राइवेट आईटीआई, टक्कर
7:- आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, मुस्तफाबाद
8:- विश्व भारती पब्लिक स्कूल, गाडोवाली
9:- मदरसा नूर-ए-हसन, हरिद्वार
10:- जय भारत पब्लिक स्कूल, बिन्दुखड़क
11:- हन्नू आईटीआई, भगवानपुर
12:- रेडियंस एकेडमी, नेहन्दपुर सुठारी (लक्सर)
13:- रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रहमतपुर (रुड़की)
14:- रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुहाना
15:- महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई, धनौरी
16:- संस्कृति पब्लिक स्कूल, भौरी (रुड़की)
17:- फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस, कांजेल इमलीखेड़ा (रुड़की)
18:- एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज, रुड़की
19:- ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, बढ़ेड़ी राजपूताना (रुड़की)



