
पंच👊नामा
रूड़की: नशे के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मंगलौर पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए कलियर क्षेत्र के एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। इस कार्रवाई से पुलिस की सख्ती का साफ संदेश गया है कि नशे के कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई…
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देशों पर जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इसी कड़ी में मंगलौर कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी इसरार पुत्र इसराइल निवासी नई बस्ती कलियर थाना कलियर हरिद्वार को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से नशे के धंधे में लिप्त बताया जा रहा है, जिसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई थी।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट और हेडकांस्टेबल अमित की अहम भूमिका रही।



