हरिद्वार

“ना डिगी आस्था और ना ही बिगड़ी व्यवस्था.! हरिद्वार में सफल रहा कांवड़ मेला, डीएम-एसएसपी ग्राउंड जीरो पर रहे मुस्तैद; ट्रैफिक से सुरक्षा तक दिखा शानदार मैनेजमेंट, 4.43 करोड़ शिवभक्त रवाना..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ का रेला अब अपने चरम पर पहुंच गया है। हरकी पैड़ी से लेकर गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों तक चारों तरफ आस्था का सैलाब नजर आ रहा है। भारी बारिश भी शिवभक्तों के कदम नहीं रोक पा रही है। सोमवार को कांवड़ मेले के 12वें दिन 63 लाख 60 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार पहुंच चुका है। बढ़ती भीड़ के बीच जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है।जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रशासन-पुलिस का पूरा अमला जीरो ग्राउंड पर मुस्तैद है। भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर डाक कांवड़ियों के लिए की गई सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं, ऐसे में यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और सुरक्षाबलों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने व पूरी संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक समेत जलभराव वाले क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों से तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। वह स्वयं भी गराउंड जीरो पर उतरकर जायजा ले रहे है, साथ ही प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों को लगातार ग्राउंड पर सक्रिय रहने के निर्देश हैं।एसपी सिटी/कांवड़ मेला नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह भी लगातार जीरो ग्राउंड पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर कांवड़ मार्गों तक लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। भीड़ का दबाव बढ़ने वाले स्थानों पर तत्काल पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, जबकि यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी लगातार रूट और डायवर्जन व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार मोर्चे पर डटी हैं। हरिद्वार शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, रानीपुर कोतवाल मनोहर सिंह भण्डारी, बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, रुड़की सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, गंगनहर इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव, भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर, खानपुर इंस्पेक्टर गोविंद कुमार, भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश शाह, श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा, पथरी थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, सिडकुल एसओ अजय शाह और बुग्गावाला थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा समेत तमाम थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं।इसके अलावा सभी चौकी प्रभारी, एलआईयू और एसओजी की टीमें भी कांवड़ मेले के दौरान लगातार सूचनाएं जुटाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने में जुटी हैं। पुलिस का फोकस भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कांवड़ियों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने पर है।प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए कांवड़ियों से गंगा घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे निर्धारित घाटों और मार्गों का ही इस्तेमाल करें और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान गंगा का जलस्तर और घाटों की स्थिति देखते हुए श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज शाम छह बजे तक 63 लाख 60 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके थे। कांवड़ मेला शुरू होने से सोमवार शाम छह बजे तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों में अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि करोड़ों शिवभक्तों की यह आस्था यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!