
पंच👊नामा-ब्यूरो
काशीपुर: उत्तराखंड पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के ₹1 लाख के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और अन्य संगीन मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को काशीपुर के चैती मेला मार्ग क्षेत्र से अवैध तमंचा और कारतूस के साथ दबोचा गया। आरोपी लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहा था और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 46 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई कोतवाली आईटीआई पुलिस ने की। डायल-112 पर संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौरिया पुत्र भोपाल सिंह (53 वर्ष), निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के दौरान पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा घोषित ₹1 लाख का इनामी गैंगस्टर है। थाना गंगोह पुलिस ने आरोपी पर घोषित इनाम की पुष्टि की है। आरोपी के विरुद्ध मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर, बागपत और गाजियाबाद समेत कई जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में 46 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है व संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों की जांच में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे…. प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल रमेश बंगयाल व पीआरडी जवान अनिल।



