“पिरान कलियर; उर्स मेले के बीच बाजार में आग का तांडव, दरगाह पहाड़ी गेट के पास उठीं आग की ऊंची लपटें, मेला प्रभारी ने संभाली कमान; दमकल की गाड़ियों ने बुझाई आग, देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; साबिर पाक के सालाना उर्स/मेले के बीच सोमवार की देर रात दरगाह पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में ज्वेलरी की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बाजार में धुएं के गुबार के साथ आग की लपटें उठने लगीं। उर्स के चलते क्षेत्र में जायरीनों की भीड़ होने के कारण मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही मेला प्रभारी कमल मोहन भंडारी मय पुलिस टीम के तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित करने व भीड़ को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर प्रयास किए।
बताया गया कि आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शुरुआती दौर में लोगों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद अग्निशमन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास तेज किया।
साबिर पाक के सालाना उर्स के चलते कलियर में इन दिनों जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में मुख्य बाजार के बीच ज्वेलरी की दुकानों में आग लगने से लोग मौके पर जमा हो गए। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और जायरीनों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया, जबकि अग्निशमन की टीमों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू…
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग की चपेट में कितनी दुकानें आईं और कितना नुकसान हुआ, इसका भी आकलन किया जा रहा है। प्रथमदृष्टया आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या कोई अन्य कारण रहा, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
उर्स के दौरान कलियर में भीड़ को देखते हुए बाजार में आग की घटना ने अग्निसुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स मेले के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्निशमन वाहनों की त्वरित उपलब्धता बेहद जरूरी है। लोगों ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों के आसपास दमकल की पर्याप्त व्यवस्था रखने की मांग की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।



