
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडाहेडी में हाल ही में हुए विवाद के बाद हरिद्वार पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर बड़ा एक्शन लिया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से गांव की निगरानी कर छतों पर जमा किए गए ईंट-पत्थरों को हटवाया और माहौल बिगाड़ने की तैयारी में मिले
22 महिलाओं और 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और अपराध करने वालों की जगह जेल ही होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना पथरी क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने व असामाजिक तत्वों के खिलाफ
प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। एसएसपी के निर्देशानुसार पुलिस ने गांव में संभावित उपद्रव की आशंका को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ड्रोन कैमरों के साथ ग्राम बोडाहेडी पहुंची। ड्रोन से निगरानी के दौरान कई मकानों की छतों पर ईंट-पत्थर रखे मिले, जिन्हें पुलिस की मौजूदगी में हटवाया गया।
ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में छतों पर इस प्रकार की सामग्री एकत्रित न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के मद्देनज़र अपने-अपने घरों की छतों पर ईंट-पत्थर जमा रखने वाले 22 महिलाओं और 29 पुरुषों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ग्राम बोडाहेडी में दो पक्षों के बीच मारपीट और विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे।
इस दौरान छतों से पथराव किए जाने के कारण गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर, कांस्टेबल राकेश नेगी,
कांस्टेबल नारायण, कांस्टेबल नारायण राणा, कांस्टेबल चालक पंकज, कांस्टेबल आदेश चौहान तथा कांस्टेबल सुबोध शामिल रहे।



