
पंच👊नामा
पिरान कलियर; एक वीडियो कॉल पर ऐसा मंजर सामने आया, जिसने परिजनों के होश उड़ा दिए। सुबह-सुबह मोबाइल स्क्रीन पर नजर आया युवक कमरे में पंखे से लटका हुआ था। आनन-फानन में घटना की जानकारी परिवार तक पहुंची और देखते ही देखते मामला पुलिस तक जा पहुंचा। कलियर के एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर दिलशाद उर्फ आतिफ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना निवासी इरशाद के पुत्र दिलशाद उर्फ आतिफ (करीब 30 से 32 वर्ष) बुधवार रात लगभग 11 बजे कलियर पहुंचा था। यहां उसने एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर लिया। बताया जा रहा है कि आतिफ यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। उसके साथ एक युवती और युवती का भाई भी रहता था।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। कॉल के दौरान वह कमरे में पंखे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल फोन के जरिए भाई को भी यह दृश्य दिखाया। भाई ने वीडियो कॉल का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद ग्राम प्रधान अय्यूब परिजनों के साथ कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों से मिली सूचना और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची, जहां कमरे के भीतर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी जानकारी जुटाई। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



