देहरादून

“अंकिता के माता-पिता की गिरफ्तारी से गरमाया मामला, देहरादून में लोकभवन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता..

दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग, सीबीआइ जांच से पहले कार्रवाई की मांग, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध और मामले की सीबीआइ जांच की मांग के बीच दिल्ली में अंकिता के माता-पिता की गिरफ्तारी से मामला और गरमा गया है। स्वजन की मांग है कि सीबीआइ जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाया जाए। इस बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। वहीं, देहरादून में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने लोकभवन के बाहर धरना देकर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के निजी वाहनों से लोकभवन के मुख्य गेट पर पहुंचे। नेताओं ने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए। पुलिस ने धरनारत नेताओं को हिरासत में ले लिया।इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने राजपुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई। पत्रकार वार्ता के बाद सभी नेता अपने-अपने वाहनों से सीधे लोकभवन के लिए रवाना हो गए। धरने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अंकिता के स्वजन को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड में कथित रूप से संलिप्त बताए जा रहे वीवीआइपी को भी जांच के दायरे में लाया जाए और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता कई बार दुष्यंत गौतम का नाम वीवीआइपी के रूप में ले चुके हैं। इसके बावजूद उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। गोदियाल ने पूछा कि जिन वीवीआइपी का नाम लिया जा रहा है, उनके विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, अंकिता के स्वजन को न्याय और उनकी ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कार्रवाई की मांग की। धरने में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी, आशा मनोरमा डोबरियाल सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!