“स्मैक की खेप लेकर निकला तस्कर पुलिस के जाल में फंसा, 20.40 ग्राम माल बरामद..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर रुड़की पुलिस का नशे तस्करों पर प्रहार, तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त..

पंच👊नामा
रुड़की; युवाओं की नसों में नशे का जहर घोलने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026 के तहत रुड़की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20.40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशे के धंधे पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नशा तस्करों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रुड़की पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जुनैद पुत्र रियासत निवासी खड़ंजा कुतुबपुर, थाना लक्सर, हरिद्वार को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी भी कब्जे में ली।
पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और स्मैक की सप्लाई के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रजत और कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे।


