“जिम्मेदारी मिली तो सबसे पहले साबिर पाक के दरबार में पहुंचे राव शेर मोहम्मद, चादरपोशी कर मांगी अमन-खुशहाली की दुआ..
साबिर पाक में अकीदत के बाद सियासी तेवर में दिखे कांग्रेस प्रदेश महासचिव, पेपर लीक, पेट्रोल की कीमत और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरा..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; कांग्रेस प्रदेश महासचिव की अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व हज कमेटी चेयरमैन राव शेर मोहम्मद ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक पहुंचकर अकीदत के साथ चादर-पोशी और गुलपोशी की। दरगाह में हाजिरी लगाकर उन्होंने अमन, खुशहाली और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ मांगी। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार कलियर पहुंचे राव शेर मोहम्मद के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
राव शेर मोहम्मद ने कहा कि प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी उनके लिए महज सम्मान नहीं, बल्कि जनता और संगठन के प्रति बड़ी जवाबदेही है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार जताते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
दरगाह साबिर पाक में पहुंचने पर साहिबजादा शाह यावर मियां ने राव शेर मोहम्मद की चादर-पोशी कराई और उनके लिए विशेष दुआ की। इस दौरान राव शेर मोहम्मद ने पूरी अकीदत के साथ दरगाह में हाजिरी लगाई और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और समर्पण के बल पर ही पार्टी को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काम किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राव शेर मोहम्मद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में युवा पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं और उनका भविष्य लगातार सवालों के घेरे में आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बार-बार सामने आने वाली पेपर लीक की घटनाओं ने इन दावों की पोल खोल दी है।
दूसरी ओर महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी है और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की परेशानियों और युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक दावों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक व पेट्रोल-डीजल की कीमतों के सवाल पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।
इस मौके पर मीरहसन प्रधान जौरासी, शमशाद चेयरमैन, राव इरशाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख, रौनक प्रधान, हाजी गुलशाद सिद्दीकी, राव नफीस पुंडीर, राव अयाज पुंडीर, राव शाहनजर, राजा राणा, बाबर राणा, राव सलमान, राव फरमान, राव सदाकत, सम्मून अहमद, आशु मुल्तानी, राव शेरु, राव वसीम, राव फरमान, राव ताज मोहम्मद, राव इस्तियाक, राव आशु, सोनू तनवीर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



