“सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराने से लेकर बिजली समस्याओं तक उठाए जनहित के मुद्दे..
डीएम और ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर से मिले सुराज सेवादल अध्यक्ष रमेश जोशी, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, श्मशान की भूमि के संरक्षण, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और भारी-भरकम बिजली बिलों की समस्याओं को लेकर सुराज सेवादल ने मोर्चा खोल दिया है। जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सुराज सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी हरिद्वार से मुलाकात की, वहीं विद्युत समस्याओं को लेकर ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर मोहित जोशी के समक्ष भी ग्रामीणों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। दोनों अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सुराज सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात के दौरान सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसी भूमि को चिह्नित कर नियमानुसार कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सरकारी संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मेरठ के एक अस्पताल से कथित तौर पर फर्जी मेडिकल बनवाकर मुकदमे में धाराएं बढ़ाए जाने के मामले को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही श्मशान की भूमि पर रास्ता बनाए जाने से संबंधित मामले को भी उठाते हुए श्मशान भूमि की स्थिति स्पष्ट कर उसके संरक्षण की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने आपदा और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा भी उठाया। रमेश जोशी ने कहा कि कई मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संबंधित विभागों को मौके पर जांच कराकर क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करानी चाहिए।
वहीं, विद्युत समस्याओं को लेकर सुराज सेवादल अध्यक्ष रमेश जोशी ने ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर मोहित जोशी से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, ओवरलोडिंग और उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे भारी-भरकम बिजली बिलों समेत कई समस्याएं उनके समक्ष रखीं। रमेश जोशी ने भंगेड़ी गांव में लंबे समय से बनी ओवरलोडिंग की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बढ़ते विद्युत लोड के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओवरलोडिंग के चलते बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने भारी-भरकम बिजली बिलों का मामला भी उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को लगातार अधिक राशि के बिल भेजे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जबकि विभागीय स्तर पर शिकायतों का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने टांडा, अकबरपुर और पीरपुरा क्षेत्र के ग्रामीणों की विद्युत संबंधी समस्याओं से भी चीफ इंजीनियर को अवगत कराया। रमेश जोशी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का विभागीय स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
चीफ इंजीनियर मोहित जोशी ने सुराज सेवादल की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश समस्याओं का अगले दो से तीन दिन में समाधान कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद सुराज सेवादल ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाएगा। जिलाधिकारी से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में इंतजार, अजय, आलिम, नौशाद, नरेंद्र, खलील, अरविंद, हाकम, विनोद राणा और उज्जवल सहित सुराज सेवा दल के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।



