पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में एक किशोर की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। दक्ष मंदिर के पीछे झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। प्रथम दृष्टया सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लक्सर के रायघटी निवासी रोहतास का परिवार वर्तमान में कनखल क्षेत्र में किराए पर रह रहा है। उनका 15 वर्षीय बेटा कुनाल सिंहद्वार के पास कढ़ी-चावल की ठेली पर काम करता था। कुनाल शुक्रवार शाम से लापता था, जिसकी तलाश परिजन लगातार कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
शनिवार देर शाम दक्ष मंदिर के पीछे झाड़ियों में किशोर का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सिर पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान मिले हैं। साथ ही किशोर का मोबाइल फोन भी गायब है, जिसे पुलिस अहम कड़ी मानते हुए तलाश कर रही है।
सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस किशोर की दिनचर्या, उसके काम से जुड़े लोगों और हाल के संपर्कों की गहन पड़ताल कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों को लेकर हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



